
गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार तथा पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा के निर्देशन में चलाये जा रहे अवैध शराब के खिलाफ अभियान के तहत जीएसटी आबकारी तथा पुलिस विभाग टीम ने हाइवे पर नसीरपुर बेलवा मोड़ के पास चेकिंग के दौरान एक ट्रक में छिपाकर रखा मैकडावल एक तथा इम्पिरियल ब्लू ब्राण्ड की विदेशी खराब की 617 पेटी बरामद किया। जिसकी कीमत करीब चालीस लाख रुपये बताया जाता है । आबकारी अधिकारी राजेश त्रिपाठी को सूचना मिली थी कि एक ट्रक शराब लादकर हाइवे से गोरखपुर की तरफ जा रहा है। इस पर जीएसटी आबकारी की टीम तथा कोतवाली के एसआई सलाउद्दीन नसीरपुर बेलवा हाइवे मोड़ पर खड़ा होकर ट्रक का इंतजार करने लगे। इसी दौरान एक ट्रक तेज गति से जा रहा था। आबकारी टीम ने ट्रक को रोका। चालक ट्रक खड़ाकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। आबकारी पुलिस ने ट्रक को चारो तरफ से घेर लिया। ट्रक की तलाशी लेने पर बाडी के अन्दर साइड में लकड़ी से खोखली जगह बनाकर उसमें चिप्स कुरकुरे आदि के पैकेट गत्ते में पैक कर शराब भर दिये थे। जिसमें रखा 617 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुआ। कुल बरामद शराब की कीमत चालीस लाख रुपये बताया जा रहा है। आबकारी अधिकारी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि ट्रक की तलाशी लेने पर पीछे के भाग में पेटियों के पश्चात् एक दीवार जैविक खाद की बोरियों से बना दी गयी थी तथा लड़की की दीवार के उपरी भाग में भी खाद की बोरियों से एक घेरा बना दिया। जिससे स्कैनिंग जांच में पता न चले और शराब का पता न चले। भागते समय चालक गाडी को डिजिटली लाक कर दिया था। जिससे गाडी स्टार्ट न हो सके। आबकारी अधिकारी ने बताया कि बरामद शराब बिहार के लिए ले जायी जा रही थी। शराब की बोतलों पर फॉर सेल इन पंजाब लिखा हुआ था तथा पंजाब राज्य की डिस्टिलरी में निर्मित थी। आबकारी टीम ने ट्रक सहित शराब पकड़ कर ले आयी। इस मामले में पता-53 गुज्जरों का शेर बरखेड़ा खुर्द, झालावाड़, राजस्थान निवासी ट्रक मालिक बालू सिंह सिसोदिया तथा चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पकड़ने वाली टीम में आबकारी इं. पवन. इं.राहूल सरोज, इ.सुनील मौर्या सहित आबकारी सिपाही शामिल रहे।




