
गाजीपुर। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 29 अप्रैल को सीएमओ प्रशिक्षण हाल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान लार्ड डिस्टिलरी लि. नंदगंज के सहयोग से सौ क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य टीबी रोगियों को आवश्यक पोषण सहयोग प्रदान करना, उनके उपचार की प्रभावशीलता को बढ़ाना। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. रवि रंजन ने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उचित पोषण, नियमित दवा सेवन एवं समय पर जांच से टीबी को पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है। लॉर्ड्स डिस्टिलरी लिमिटेड के प्रतिनिधि एचआर एवं एडमिन आनंद राय ने कहा कि उनकी संस्था सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों में भागीदारी करती रहेगी।कार्यक्रम में डीपीसी डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह, डीपीपीएमसी विवेक सिंह, डीईओ संजय सिंह यादव, सुनील कुमार, एसटीएस योगेन्द्र सिंह राधेश्याम तथा कोऑर्डिनेटर सौरभ सिंह सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।




