
गाजीपुर। यातायात माह पहली नवंबर से 30 नवंबर तक चलाया जाता है। रविवार को रौजा पर यातायात माह का समापन में हुआ । इसका समापन भी अनोखे तरह से किया गया। बिना हेलमेट बाइक सवारों को यमराज ने रोक कर उनसे पूछा कि क्या आपको अपनी जिंदगी से मोहब्बत है या नहीं, तो बाइक सवार के पास कोई जवाब नहीं था लेकिन सभी ने आगे से हेलमेट पहन कर चलने की अपनी प्रतिबद्धता जताई। आज के इस नुक्कड़ कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को उनके जीवन रक्षा के लिए जागरूक किया गया। क्षेत्राधिकारी सदर शेखर सेंगर भी मौजूद रहे। जिनके सामने यमराज ने बाइक स्वरों को रोक कर बगैर हेलमेट के यात्रा के बारे में पूछा और लोग अपने-अपने जवाब भी देते नजर आए।

वही इस पूरे मामले पर क्षेत्राधिकारी सदर ने बताया कि पहली नवंबर से 30 नवंबर तक यातायात माह का कार्यक्रम चला। जिसको लेकर जिले में कुल 15 नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को यातायात के नियमों के बारे में जागरूक किया गया। आज के नुक्कड़ नाटक में यमराज के प्रतिरूप वाला व्यक्ति भी कार्यक्रम में शामिल हुआ जो लोगों से हेलमेट नहीं लगाने के बारे में पूछता नजर आया ।

उन्होंने बताया कि इस यातायात माह में करीब सोलह हजार वाहनों का चालान किया गया है।30 विद्यालयों में भी करीब दस हजार से ऊपर छात्राओं को ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी गई और उन्हें जागरूक करने का काम किया गया।इस मौके पर यातायात प्रभारी मनीष त्रिपाठी के साथ यातायात सिपाही भी मौजूद रहे।




