
शादियाबाद (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के कटघरा गांव के पास बुधवार देर शाम किसी वाहन के धक्के से बाइक सवार युवक और युवती की मौत हो गई। दोनों कटघरा गांव में लगा मेला देखकर वापस लौट रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। बताया जाता है कि नंदगंज थाना के कुसुम्ही कला निवासी आशीष कुमार (20) बाइक से मुबारकपुर कुदरतुल्लाह निवासी सोनी कुमारी (22) कटघरा गांव में मेला देखने गये थे। मेला देखकर दोनों वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान शादियाबाद-नंदगंज रोड पर किसी अज्ञात वाहन से बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। इस घटना में दोनों गंभीर रुप से घायल हो गये। दुर्घटना के बाद वहां लोगोंकी भीड़ लग गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनिहारी पहुंचाया। वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतक सोनी कुमारी (22) उसका विवाह लगभग एक वर्ष पहले हुआ था। इस समय वह अपने मायके में ही रह रही थी।मृतक आशीष कुमार महाराष्ट्र में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था और कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आया था। उसके बड़े भाई श्रवण कुमार ने बताया कि उन्हें आशीष और सोनी के बारे में विशेष जानकारी नहीं है, संभवतः सोनी ने आशीष से लिफ्ट मांगी होगी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।थाना प्रभारी पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि दोनो युवक और युपवती दोस्त थे। मृतक आशीष के भाई श्रवण कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।




