
गाजीपुर । संविधान दिवस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 26 नवंबर को लंका स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में भारत के संविधान के शिल्पी डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया । इसके बाद संविधान की महत्ता और उसकी रक्षा के संकल्प को लेकर एक गोष्ठी हुई। जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि आज का दिन हमें यह याद दिलाता है कि लोकतंत्र की असली शक्ति जनता है, न कि सत्ता की कुर्सी। वर्तमान समय में सरकार द्वारा संविधान की मूल भावना को कमजोर करने की लगातार कोशिश हो रही है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के लिए खड़ा हो।शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा “बाबा साहब ने जिस समानता, न्याय एवं स्वतंत्रता के सिद्धांतों को संविधान में स्थापित किया, आज वे गंभीर चुनौती के दौर से गुजर रहे हैं।

एआईसीसी सदस्य रविकांत राय एवं पूर्व जिलाध्यक्ष डॉक्टर मारकंडेय सिंह ने कहा कि संविधान केवल कानून का दस्तावेज नहीं, बल्कि यह भारत की आत्मा है। आज सत्ता में बैठे लोग संविधान बदलने की मंशा खुलकर दिखा रहे हैं। बाबा साहब के सपनों का भारत तभी सुरक्षित रहेगा, जब जनता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए आगे आएगी और किसी भी प्रकार की तानाशाही सोच का विरोध करेगा। कार्यक्रम के अंत में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया तथा बाबा साहब के दिखाए मार्ग पर चलने और संविधान की रक्षा करने का संकल्प लिया गया। इस मौके पर अजय श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश सिंह, चंद्रिका सिंह, उमाशंकर सिंह, हामिद अली, आशुतोष गुप्ता, सतीश उपाध्याय, अयूब अंसारी, अखिलेश यादव, राजेश उपाध्याय, राजेश तिवारी, दिवाकर तिवारी, विंध्याचल कुशवाहा, सरवन कुमार, कुंदन खरवार, देवेंद्र सिंह तथा सचदेव खरवार आदि लोग उपस्थित रहे।




