
सादात (गाजीपुर)। सैदपुर से सादात मार्ग पर चलने वाली एक प्राइवेट बस के संचालक के दबंगई किए जाने का मामला आया है। आरोप है कि बस संचालक ने अपने सहयोगियों के साथ सोमवार की सुबह सादात से सैदपुर की तरफ ई-रिक्शा से जा रहे चालक सहित चार लोगों को बौरवां नहर के पास रोककर उन्हें मारा पीटा और सवारी बैठाकर ले जाने की बात कहते हुए ई-रिक्शा को अपनी बस के चले जाने के बाद ले जाने की धमकी दी। बस संचालक के बदसलूकी से नाराज चारो लोग ई-रिक्शा लेकर वापस सादात चले आए। सादात से दोपहर बारह बजे के लगभग जाने वाली उक्त बस को जाम लगाकर सादात में रोक दिए और बस संचालक को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। इधर बस में सवार यात्री अपने गंतव्य तक पहुंचने को लेकर काफी परेशान रहे। सूचना पाकर एसओ वागीश विक्रम सिंह, उप निरीक्षक अनिरुद्ध द्विवेदी, एसआई सुरेन्द्र मिश्रा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जाम हटवाकर बस को आगे रवाना कराया। सादात बस स्टैंड के पास स्थित दलित बस्ती निवासी बबलू राम, राजन, अमरनाथ, राजन और संजय राम ने पुलिस को बताया कि वह अपने बीमार भाई संतोष को लाने के लिए ई-रिक्शा से औड़िहार जा रहे थे, तभी बीच रास्ते में चतुर्वेदी बस के संचालक ने बौरवां नहर के पास रोककर उन्हें मारा पीटा था। सैदपुर कोतवाल शैलेष मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




