
ग़ाज़ीपुर। नगरपालिका क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कों के खिलाफ चल रहे हस्ताक्षर अभियान के आठवे दिन विकास भवन चौराहे पर 700 लोगों ने हस्ताक्षर किया। अब तक 6500 लोगों ने हस्ताक्षर कर अभियान का समर्थन किया। समाजसेवी विवेक सिंह ‘शम्मी’ ने कहा कि समय से कार्य न पूरा करने के लिए कार्यदायी संस्थाओ की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। कार्यदायी संस्था पर कार्रवाई होनी चाहिए। राज्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव ने कर्मचारियों के साथ हस्ताक्षर कर अभियान को मजबूती प्रदान की। उन्होंने का कि सड़कों की दुर्दशा के चलते आवागमन पर खराब असर देखने को मिल रहा है। विकास भवन के आसपास की सड़कें गड्ढें में तब्दील हो चुकी है। जिसके कारण अपने कार्यालय पहुंचने वाले कर्मचारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सड़क के गड्ढे और धूल के गुबार के कारण ऑफिस पहुंचने वाले कर्मचारी सुबह ही बेहद थका हुआ महसूस करते हैं। आये दिन रोड पर टोटो पलटने से लोग घायल हो रहे है। सड़क पर धूल उड़ने के कारण के चलते आँखों में जलन की समस्या आम बात हो गई है। कर्मचारी नेताओं ने कहाकि कोई भी जनप्रतिनिधि चाहे वह सत्ता पक्ष का हो या विपक्ष का, किसी को शहर के दुर्दशा के बारे में चिंता नहीं है, ये लोग सिर्फ चुनाव के समय दिखाई देते है। राहगीरों ने हस्ताक्षर कर बताया की नगर क्षेत्र की सड़को का हाल आस पास के जिलों की तुलना मे बहुत ही खराब स्थिति में है। अभियान में आलोक राय, गोविंद श्रीवास्तव, राजेश, बबुआ यादव, रामप्रकाश राय समेत कर्मचारियों के साथ ही आम लोग मौजूद रहे।




