
जमानियां (गाजीपुर)। स्टेशन बाजार में गुरुवार की रात चोरों ने एक ज्वेलर्स व इलेक्ट्रॉनिक की दुकान में भीषण चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की नींद उड़ा दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटना की जांच की। जानकारी के अनुसार स्टेशन बाजार निवासी भाजपा नेता व दुकानदार राहुल वर्मा की रेलवे फाटक के पास ज्वेलर्स एंड इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है। वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गये। सुबह जब वह दुकान खोला तो अन्दर का नजारा देख दंग रह गया। दुकान की आलमारी टूटी हुई थी और उसमें रखा सोने का आभूषण नाक की कील,नथुनी, आयरन लॉकेट तथा चांदी का सामान और काउंटर में रखे 37 हजार रुपए नगदी गायब था। सारा सामान बिखरा पडा था।दुकान के पीछे का दरवाजे का लॉक टूटा हुआ था। चोरी की जानकारी मिलते ही वहां लोगों की भीड़ लग गई। सराफा व्यावसायी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार व कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने दुकान पर पहुंचकर मामले की छानबीन किये।इसके बाद फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंच कर साक्ष्य बटोरा। सराफा की दुकान पर चोरी की जानकारी मिलते एसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर मौके पर पहुंच कर पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। इस मामले में सराफा व्यवसायी राहुल वर्मा ने कोतवाली में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है। पीडित व्यावसायी ने बताया कि दुकान में घुसकर चोर करीब साढ़े ग्यारह लाख के जेवरात और 37 हजार रुपये नकद उठा ले गये है।




