
गाजीपुर। पुलिस कार्यालय में शनिवार को एडीएम दिनेश कुमार और एसपी सिटी ज्ञानेंद्र प्रसाद ने यातायात माह का शुभारंभ फीता काटकर किया। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर यातायात प्रचार रैली-वाहन को रवाना किया। रैली में एक तरफ जहां प्रचार वाहन के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। वहीं शामिल पुलिस कर्मी पम्पलेट का वितरण कर लोगों को यातायात के प्रति जागरूक करते चल रहे थे। एडीएम दिनेश कुमार ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन कर एक तरफ जहां हम खुद सुरक्षित रहेंगे, वहीं परिवार भी सुरक्षित रहेगा। चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाएं। बिना हेलमेट के कदापि बाइक न चलाएं। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र प्रसाद ने कहा कि सर्वाधिक मौत सड़क दुर्घटनाओं में हो रही हैं । इसलिए चालक यातायात नियमों का हर हाल में पालन करते हुए वाहन चलाएं। खासतौर पर दोपहिया चालक हेलमेट लगाकर ही चलें।

यातायात प्रभारी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस कार्यालय से प्रारंभ हुई जागरूकता रैली में यातायात पुलिस बाइक से लोगों को जागरुक करते चल रहे थे। रैली पुलिस कार्यालय से लंका, विशेश्वरगंज, रौजा होते हुए वापस लौट गई। इस दौरान लोगो में पम्पलेट का वितरण कर यातायात के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने जिले वासियों से अपील किया कि यातायात पुलिस कर्मियों का सहयोग करें। वाहन चलाते समय नियमों, चिन्हों एवं संकेतों का पालन करें। दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग हर हाल में करें। बिना सीट बेल्ट लगाए चार पहिया वाहन न चलाए। काली फिल्म और हूटर का प्रयोग न करें। वाहन चलाते समय 10 मीटर की दूरी बनाए रखे। बच्चों को वाहन चलाने के लिए प्रेरित न करें। 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को बिना लाइसेंस के गाड़ी चलाने के लिए प्रेरित न करें। वाहन चलाने के लिए लाइसेंस का होना जरूरी है। पुल व मोड़ पर गाड़ी ओवरटेक न करें। शराब पीकर वाहन न चलाए। सावधानी से सड़क पार करें और सदैव सड़क के बाई ओर चलें। वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करें। यातायात प्रभारी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि यातायात जागरूकता अभियान लगातार 30 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान प्रचार-प्रसार के साथ ही जगह-जगह कैम्प आयोजित कर लोगों को यातायात के प्रति जागरूक किया जाएगा।




