
गाजीपुर।देश के श्रमिकों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं की आवाज़ को सशक्त बनाने तथा सामाजिक और आर्थिक न्याय की दिशा में ठोस कदम उठाने के उद्देश्य से नेशनल लेबर पार्टी का गठन किया गया है।इस अवसर पर चंडीगढ़ के सेक्टर 27 के प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता में पार्टी के सुप्रीम प्रेसीडेंट डॉ. दलजीत सिंह चौहान और राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज राय ने संयुक्त रूप से पार्टी की नीति, उद्देश्य और मिशन की घोषणा की।डॉ. दलजीत सिंह ने कहा कि देश में आज मेहनतकश वर्ग सबसे बड़ा लेकिन सबसे उपेक्षित वर्ग है। नेशनल लेबर पार्टी इस वर्ग की आवाज़ को संसद और विधानसभाओं तक पहुंचायेगी। हमारी पार्टी का सिद्धांत है ‘कामगार भारत, सम्मानित भारत।’ हम ऐसी व्यवस्था बनाना चाहते हैं जिसमें हर मेहनतकश नागरिक को सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर मिले। राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज राय ने कहा कि नेशनल लेबर पार्टी का उद्देश्य राजनीति को जनसेवा से जोड़ना है, न कि सत्ता की होड़ से। उन्होंने कहा कि पार्टी जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत कर रही है और प्रत्येक राज्य में जनसंवाद यात्रा शुरू करने की योजना बना रही है ताकि आम जनता की समस्याओं को सीधे समझकर समाधान के लिए ठोस नीति बनाई जा सके।उन्होंने कहा कि देश के मजदूर, किसान, युवा और महिलाएं अब मौन नहीं रहेंगे। पार्टी उन्हें एक मज़बूत मंच देगी, जो केवल वादे नहीं बल्कि परिणाम देगा। नीरज राय ने कहा कि पार्टी जल्द ही अपना राष्ट्रीय घोषणापत्र जारी करेगी, जिसमें रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों के अधिकार, और सामाजिक समानता पर विस्तृत नीतियाँ शामिल होंगी। राष्ट्रीय पदाधिकारियों को नामित किया गया जिसमें राष्ट्रीय सलाहकार परविंदर सिंह सेठी,सुप्रीम अध्यक्ष डॉ दलजीत सिंह चौहान,राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज राय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजीव कौशिक और राष्ट्रीय महासचिव कंचन कुमारी हैं।




