
गाजीपुर। विद्यालय की मॉर्निंग असेंबली में छठ पूजा के पावन अवसर पर विद्यार्थियों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ एक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधक डॉ. प्रीति सिंह तथा प्रधानाचार्य चन्द्रसेन तिवारी ने किया।विद्यार्थियों ने छठ पूजा पर एक सुंदर अभिनय प्रस्तुत किया। इसके बाद दो समूह गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। प्रबंधक डॉ. प्रीति सिंह ने कहा कि छठ पूजा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि यह प्रकृति के प्रति आभार और कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है। यह हमें अनुशासन, निष्ठा और समर्पण का संदेश देती है। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। चन्द्रसेन तिवारी ने कहा कि छठ पूजा मानव और प्रकृति के गहरे संबंध का प्रतीक है। यह त्योहार हमें सच्ची आस्था, पवित्रता और सकारात्मकता का संदेश देता है। इस पूजा में ऊर्जा के अक्षय भंडार भगवान भास्कर को अर्घ अर्पित किया जाता है। जिनसे पूरी सृष्टि संचालित होती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को इस पावन पर्व की शुभकामनाएँ दीं। संचालन कृष मिश्रा एवं समन्वय सीसीए प्रमुख श्रेया सिंह ने किया ।




