
गाजीपुर। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को सरजू पांडेय पार्क में आरएसएस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। उन्होने राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा है। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि केरल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर आनंदू अजी के साथ आरएसएस नेता यौन उत्पीड़न जैसा अमानवीय कृत्य इस कदर किया कि उसने परेशान होकर आत्महत्या कर ली। वहीं भाजपा के राज्यसभा सांसद बृजलाल ने यह कहा कि खरवार और गोंड़ जातियां सिर्फ सोनभद्र, मिर्जापुर और चंदौली के नौगढ़ क्षेत्र में ही मिलते हैं ये सरासर गलत है। इन मुद्दों के साथ कांग्रेस पार्टी ने भाजपा की नीतियों के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर आरोपी आरएसएस नेताओं और जिम्मेदार पदाधिकारियों के खिलाफ जांच कर कानूनी कार्यवाही की मांग की।नगर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि ये घिनौना कृत्य आरएसएस की कथनी और करनी में अंतर को साफ बयान करता है। उन्होंने राज्यसभा सांसद के जाति विशेष के बारे में दी गई सूचनाओं को भ्रामक और मनगढ़ंत बताते हुए विरोध प्रकट किया। यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि संघ का कैसा संस्कार है जो लड़कों का यौन उत्पीड़न कर रहा है,। इसपर सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। विरोध प्रदर्शन में आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ उमेश चंद्र ने कहा कि उन्हें इस समाज से माफी मांगने चाहिए क्योंकि ये समाज प्रदेश के कई जनपदों में है और उसका प्रमाणपत्र भी बना हुआ है, उन्हें अपने इस कथन के लिए समाज से माफी मांग कर इस्तीफा दे देना चाहिए। विरोध प्रदर्शन में पत्रक देने के बाद पुलिस ने शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, जिला महासचिव सतीश उपाध्याय, सेवादल जिलाध्यक्ष आशुतोष गुप्ता, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार और पीसीसी सदस्य सुमन चौबे को हिरासत में लिया । प्रदर्शन में रविकांत राय,सतीश उपाध्याय, सुमन चौबे, आशुतोष गुप्ता, जनक कुशवाहा, कुंदन खरवार, अरुण कुमार वर्मा, हामिद अली ,श्याम नारायण सिंह कुशवाहा, मोहम्मद राशिद, विनोद सिंह ,डॉ ब्रह्मदेव खरवार, दिनेश खरवार, राम रतन खरवार, मारकंडे खरवार, अजय चंद चौबे, धर्मेंद्र कुमार, अखिलेश यादव, शशि भूषण राय तथा अरविंद कुशवाहा आदि लोग रहे।




