
जमानियां (गाजीपुर)। एनएच 24 पर चल रहे ओवरलोड वाहनों के खिलाफ एसडीएम ज्योति चौरसिया ने जिलाधिकारी के निर्देश पर सोमवार की रात खनन अधिकारी व परिवहन विभाग के साथ संयुक रूप से चेकिंग अभियान चलाया। हालांकि अधिकारियों के चलाये गए इस चेकिंग अभियान में सभी भारी वाहन नियम के तहत पाये गए। जिसके कारण किसी भी वाहन का ना तो चालान हुआ और ना ही कोई कार्रवाई की गई। गौरतलब है कि दिन हो रात, प्रतिदिन एनएच 24 पर ओवरलोड वाहन फर्राटा भरते हुए देखे जा सकते हैं, ऐसे में चेकिंग अभियान में एक भी वाहन पर किसी प्रकार का कोई कार्रवाई ना होना किसी आश्चर्य से कम नहीं। ओवरलोड वाहनों के आवागमन से ही जमानियां से धरम्मरपुल गंगा पुल के एप्रोच मार्ग पर बहुत बड़ा गड्ढा हो गया है। 30 अगस्त को ही इसी गड्ढे में गिट्टी लदा एक ओवरलोडेड ट्रक का गुल्ला टूट गया गया था। जिसके कारण सड़क पर ट्रकों की लंबी कतार लग गयी थी। आमजन की माने तो अधिकारी इस तरह का चेकिंग अभियान चलाकर केवल खानापूर्ति करते हैं, जबकि वास्तविक स्थिति कुछ और ही है। इस संबंध में एसडीएम ने बताया कि वाहन चेकिंग अभियान में सभी वाहनों के कागजात सही पाए गए है अतः कोई कार्रवाई नहीं की है। आगे भी अभियान चलाकर ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने का कार्य किया जाएगा। चेकिंग अभियान में एआरटीओ लव कुमार सिंह, खनन अधिकारी पारस यादव, क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी, कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह मौजूद रहे।




