
जमानियां (गाजीपुर)। उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया राजस्व विभाग की टीम के साथ गुरुवार को हेतिमपुर स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय पहुंची। इस दौरान उन्होंने पठन पाठन सहित अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जाना। उन्होने कहा कि शिक्षक शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारने पर विशेष ध्यान दे। उन्होंने छात्राओं से संवाद किया और उन्हें सफल होने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि आज की बालिकाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। वे हवाई जहाज चालक, रेलवे अधिकारी, पुलिस अधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत हैं और हर विभाग में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।उप जिलाधिकारी ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि बच्चे देश के भविष्य हैं और आने वाले समय में देश की बागडोर इन्हीं होनहार बच्चों के हाथों में होगी। उन्होंने वार्डन अर्चना सिंह को निर्देश दिया कि विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता में कोई गिरावट न आए। इसके साथ ही उन्होंने आवासीय परिसर की जांच की।




