
जमानियां (गाजीपुर)। विद्युत विभाग ने अधिकारियों ने बड़े पैमाने पर मेगा डिशकनेक्शन और चेकिंग अभियान चलाया। जिससे उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया। जमानिया, रेवतीपुर और दिलदारनगर उपखंडों के विभिन्न गांवों में चेकिंग की कार्रवाई की गई। अधिशासी अभियंता गोपीचंद भास्कर ने बताया कि जमानिया उपखंड के कसेरा पोखरा व दिलदारनगर रोड पर 14 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए, वहीं विद्युत चोरी के कई प्रकरण सामने आए। तीन उपभोक्ताओं के भार में वृद्धि की गई और दो के विद्युत संयोजन में परिवर्तन किया गया। यहां से दो लाख की राजस्व वसूली की गई।रेवतीपुर उपखंड के ढढ़नी गांव में 30 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए और पांच उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत चोरी के मामले दर्ज किए गए। छह उपभोक्ताओं के यहां भार में वृद्धि की गई। ढाई लाख रुपये की राजस्व वसूली हुई।दिलदारनगर उपखंड के ग्राम बहुआरा में 18 बकायेदारों के कनेक्शन विच्छेदित किए गए, साथ ही दस उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत चोरी के मामले सामने आए। चार उपभोक्ताओं के भार में वृद्धि की गई । दो लाख 80 हजार की वसूली हुई। तीनों उपखंडों को मिलाकर 62 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए, 16 विद्युत चोरी के मामले उजागर हुए, 11 उपभोक्ताओं के भार में वृद्धि की गई और कुल 7.5 लाख की राजस्व वसूली की गई।अधिशासी अभियंता ने कहा कि बिजली का उपयोग ईमानदारी से करें और समय पर बिल का भुगतान करें, अन्यथा इस तरह के सख्त अभियान आगे भी जारी रहेंगे।




