
सेवराई (गाजीपुर)। गहमर कोतवाली क्षेत्र के नरवा गंगा घाट पर गुरुवार की दोपहर नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से एक युवक डूब गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस व स्थानीय गोताखोर युवक की तलाश कर रहे हैं। बताया जाता है कि हथौरी गांव निवासी अनुज, राज, अंशु, अमित ,अनिल तथा जतीन शर्मा अपने दोस्तों के साथ नरवा गंगा घाट पर नहाने गए थे। नहाते समय सभी युवक गंगा में अटखेलियां करते हुए मोबाइल से फोटो और रील बना रहे थे। इसी दौरान जतीन शर्मा का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।वायरल वीडियो में दो युवक एक-दूसरे के कंधे पर हाथ रखकर पानी में डुबकी लगाते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक युवक अचानक गहरे पानी में समा गया। दोस्तों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और बचाव का प्रयास शुरू किया गया।सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। सामाजिक कार्यकर्ता सुधीर सिंह गहमरी की पहल पर स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश कराई जा रही है, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका था।गहमर कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि डूबे युवक की पहचान जतीन शर्मा पुत्र दिनेश शर्मा (19) निवासी सूरजपुर, ग्रेटर नोएडा, गौतमबुद्ध नगर के रूप में हुई है। वह कक्षा 12वीं का छात्र था और दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने आया था। पुलिस गोताखोरों की मदद से तलाश करवा रही है।



