
गाजीपुर। नीति आयोग द्वारा चयनित आकान्क्षात्मक विकास खण्ड कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को विकास भवन सभागार में “सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह” एवं “आकांक्षा हाट” का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया । इसके बाद मुख्य अतिथि व सीडीओ ने आकांक्षा हाट में विभिन्न विभागों की ओर से लगाये गए स्टालों का निरीक्षण करते हुए स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किये गए उत्पादों की प्रशंसा की। सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह में डा. मो. तारिक जेयाद, सीएम फेलो विकास खण्ड-विरनो व विवेक सिंह, सीएम फेलो विकास खण्ड-वाराचंवर द्वारा सम्पूर्णता अभियान के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी गयी। उपायुक्त स्वतः रोजगार विजय कुमार यादव ने कहा कि सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह केवल उपलब्धियों का उत्सव नहीं है।

यह सहयोगात्मक शासन की भावना, क्षेत्रीय टीमों के लचीलेपन और भारत की विकास गाथा को गति देने वाले प्रत्येक समुदाय की आकांक्षापूर्ण ऊर्जा का उत्सव है। सीडीओ संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि आकान्क्षात्मक विकास खण्डों में विगत वर्ष 01 जुलाई 2024 से 30 सितम्बर 2024 तक कुल तीन थीम के अंतर्गत कुल 06 पैरामीटरों को संतृप्त किये जाने के उद्देश्य से सम्पूर्णता अभियान चलाया गया था। सपना सिंह ने कहा कि आकांक्षी ब्लॉकों में हो रहे विकासात्मक प्रयास वास्तव में सराहनीय हैं। ऐसे अभियान जमीनी स्तर पर वास्तविक बदलाव को दर्शाते हैं। संपूर्णता अभियान जैसी पहल जिला और ब्लॉक स्तर पर टीमों की इस मॉडल के प्रति प्रतिबद्धता और समर्पण का प्रमाण है और यह अन्य क्षेत्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने विकास खण्ड विरनो एवं वाराचंवर के विकास खण्ड स्तरीय अधिकारी व सीएम फेलो को मेडल व प्रशस्ति पत्र व फ्रंटलाइन वर्करों यथा एएनएम, सीएचओ, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्री को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मनित किया। जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज ने धन्यवाद ज्ञापित किया।




