
गाजीपुर। पीजी कालेज में विश्वविद्यालय स्तर की सुविधाओं के साथ-साथ प्रवेश प्रक्रिया को आधुनिक और सुगम बनाने के लिए इस वर्ष पहली बार स्कैन कोड आधारित ऑनलाइन प्रवेश फार्म की सुविधा शुरू की है। इस नवाचार के माध्यम से अभ्यर्थी अपने मोबाइल से घर बैठे आसानी से प्रवेश फार्म भर सकते हैं। जिससे समय की बचत होगी और प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुलभ होगी।यह जानकारी देते हुए कालेज के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इनमें शुद्ध और सुरक्षित पेयजल के लिए आरओ सिस्टम, खेल गतिविधियों के लिए बेहतर खेल मैदान, एनएसएस, रोवर्स एवं रेंजर्स इकाइयां, थल एवं जल सेना की राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) इकाई शामिल हैं। ये सुविधाएं छात्रों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ शारीरिक और सामाजिक विकास के अवसर प्रदान करती हैं। महाविद्यालय में कला, विज्ञान, वाणिज्य, शारीरिक शिक्षा, बी.एड. और कृषि जैसे विविध संकायों की कक्षाएं नियमित रूप से संचालित की जाती हैं। प्रोफेसर पाण्डेय ने कहा कि कालेज शिक्षा के क्षेत्र में अपनी गुणवत्ता और समर्पण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रवेश फार्म और अन्य जानकारी के लिए महाविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.pgcghazipur.ac.in पर जाएं या स्कैन कोड का उपयोग करें और घर बैठे अपने मोबाइल से प्रवेश फार्म भर कर सबमिट करें दें।




