
भांवरकोल (गाज़ीपुर)। जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन और पुलिस ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में भांवरकोल थाना क्षेत्र में अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। थाना अध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध रूप से मिट्टी ले जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को रंगे हाथों पकड़ लिया। इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।मिली जानकारी के अनुसार, थाना अध्यक्ष रोहित मिश्रा को क्षेत्र में अवैध रूप से मिट्टी के खनन और परिवहन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होने तत्काल खनन विभाग की टीम से संपर्क किया। टीम ने जब मौके पर छापेमारी की, तो वहां अवैध खनन को अंजाम दिया जा रहा था। पुलिस और खनन विभाग की टीम को देखते ही मौके पर भगदड़ मच गई। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मिट्टी से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया और उसे सीज करने की कार्रवाई की जा रही है। थानाध्यक्ष रोहित ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध खनन या गैर-कानूनी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




