
बिरनो गाजीपुर। भड़सर ग्राम सभा में पहली ही तेज बारिश ने विकास कार्यों की हकीकत उजागर कर दी। गांव का मुख्य संपर्क मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गया। जिससे ग्रामीणों के साथ-साथ प्राथमिक विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चों को भी रोजाना पानी से होकर गुजरने को मजबूर होना पड़ रहा है। समस्या से नाराज ग्रामीणों ने जलभराव वाले रास्ते पर सांकेतिक रूप से धान की रोपाई कर ग्राम पंचायत प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।ग्रामीणों के अनुसार काफी समय से जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष बरसात में यही स्थिति पैदा हो जाती है, लेकिन अब तक समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि विकास के नाम पर केवल कागजी दावे किए जाते हैं, जबकि जमीनी हकीकत पहली ही बारिश में सामने आ गई।स्थानीय निवासी रानू सिंह ने बताया कि यह गांव का मुख्य मार्ग है, जिससे प्रतिदिन ग्रामीणों के अलावा प्राथमिक विद्यालय के बच्चे भी आते-जाते हैं। थोड़ी सी बारिश में सड़क तालाब बन जाती है और बच्चों को जान जोखिम में डालकर पानी से होकर गुजरना पड़ता है।अरविंद पटेल ने कहा कि सड़क लंबे समय से बदहाल है। उन्होंने ग्राम प्रधान (प्रशासक) से तत्काल सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की।पूर्व प्रधान केशव सिंह ने कहा कि मार्ग लंबे समय से टूटा हुआ है और नालियों की समुचित व्यवस्था न होने से हर बरसात में जलभराव की समस्या बनी रहती है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो वे बड़ा जनआंदोलन करने को मजबूर होंगे।इस दौरान पूर्व प्रधान केशव सिंह, बादु पटेल, रानू सिंह, अरविंद पटेल, रंजय प्रजापति, राजेश यादव, लालू वर्मा, मन्नू प्रजापति, विक्की खरवार, बबलू जायसवाल, सतीश खरवार, पंकज पटेल, सूरज पटेल, पंकज जायसवाल सहित ग्रामीण मौजूद रहे।




