
गाजीपुर। अपराध निरोधक समिति (लखनऊ) के चेयरमैन कमलेश श्रीवास्तव के निर्देश पर जिला अपराध निरोधक कमेटी ने मंगलवार को जिला जेल में निःशुल्क त्वचा रोग (चर्मरोग) परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. आनंद मिश्रा के सहयोग से हुआ। शिविर में जिला अस्पताल और जेल के डॉक्टरों की टीम ने 533 बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के दौरान 58 बंदी त्वचा रोग से ग्रसित पाए गए। चिकित्सकों ने सभी प्रभावित बंदियों का लक्षण के आधार पर परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवा दी गई। इस स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सकों की टीम से डॉ. रश्मि सिंह, डॉ. अभय शक्ति, डॉ. संजय जायसवाल, डॉ. शिशिर शैलेश तथा फार्मासिस्ट विकास यादव एवं अदीप कुमार ने अपनी सेवाएं दीं। जिला अपराध निरोधक समिति के जिला सचिव अभिषेक कुमार सिंह, संगठन सचिव वसीम रज़ा और सुनील सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर जेल अधीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे ने कमेटी के इस प्रयास की प्रशंसा की और समिति के पदाधिकारियों को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर जेलर शेषनाथ यादव और डिप्टी जेलर राजेश कुमार सहित कारागार प्रशासन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।




