
गाजीपुर। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय के निर्देश पर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के सामने सड़क पर लेटकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।ज्ञापन में दिल्ली में छात्रों पर हुई कथित कार्रवाई, शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी, किसानों को डीएपी खाद की कमी, स्मार्ट मीटर व्यवस्था से आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ तथा धार्मिक आस्था से जुड़े कथित मामलों को प्रमुखता से उठाया गया। जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश में भय और दमन का माहौल बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र अपने अधिकारों की मांग करते हैं तो उन पर लाठियां बरसाई जाती हैं, किसान खाद के लिए भटक रहे हैं, आम जनता स्मार्ट मीटर के नाम पर आर्थिक बोझ झेल रही है और धार्मिक आस्था से भी खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी।शहर कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि दिल्ली में छात्रों के साथ हुआ व्यवहार लोकतंत्र पर धब्बा है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन सरकार हर विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने कहा कि प्रदेश का किसान डीएपी खाद के लिए परेशान है, युवा शिक्षा और रोजगार को लेकर चिंतित है तथा आम जनता बिजली के बढ़ते बिलों से त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनसमस्याओं के समाधान के बजाय केवल प्रचार की राजनीति कर रही है।कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि गिरफ्तार छात्रों को तत्काल रिहा किया जाए, उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं।प्रदर्शन में जनक कुशवाहा, अजय कुमार श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश सिंह, मुसाफिर बिन्द ,चंद्रिका सिंह, राजीव कुमार सिंह, दिनेश चंद्र पांडे, सुमन चौबे, कुसुम तिवारी, उषा चतुर्वेदी, धर्मेंद्र कुमार, प्रकाश राय, शंभू कुशवाहा, शक्ति राम सिंह, अक्षयवर बिन्द, पारसनाथ उपाध्याय, कमलेश्वर शर्मा, ओमप्रकाश पांडेय, राघवेंद्र चतुर्वेदी, जेपी पांडेय, जावेद अहमद खान ,गुड्डू कुमार, अब्दुल्ला मास्टर, अरुण मिश्रा, गुलबस यादव, संजय साहू, महेंद्र कुशवाहा, आलोक यादव, जावेद आलम, रईस अहमद, राहुल कुशवाहा, डॉक्टर समर सिंह कुशवाहा, शाहनवाज आलम, चंद्रहास यादव, विंध्याचल, अमित कुशवाहा, अमृतांश दिन, ताहिर अब्बासी आदि सैकड़ो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



