Saturday, June 6, 2026

Top 5 This Week

spot_img

निर्माणाधीन एनएच 124_डी सड़क पर खोदे गये गड्ढे में फंसा पिकअप

सादात (गाजीपुर)। नगर स्थित रघुवंश चौराहा के पास निर्माणाधीन एनएच 124_डी सड़क पर बीते दिनों पाइपलाइन मरम्मत के लिए की गई खुदाई राहगीरों और वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन चुकी है। पिछले दिनों खोदी गई इस सड़क पर खतरनाक गड्ढे बन गए हैं। जिससे आए दिन गाड़ियां फंस रही हैं और दुर्घटनाओं का अंदेशा बना हुआ है। शुक्रवार की रात एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। लहरतारा (वाराणसी) से प्लाईवुड लादकर आ रहा एक मिनी ट्रक रघुवंश चौराहे के पास बने गहरे गड्ढे में अचानक फंस गया। सड़क के बीचों-बीच पिकअप के फंसने से मार्ग पर कुछ समय के लिए आवागमन भी बाधित हो गया। मिनी ट्रक के चालक कमलेश यादव ने तत्काल इसकी सूचना सादात निवासी संबंधित दुकानदार को दी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से भारी मशक्कत के बाद देर रात पिकअप को किसी तरह गड्ढे से बाहर निकाला जा सका। स्थानीय दुकानदारों और निवासियों का कहना है कि इस मार्ग से गुजरना अब खतरे से खाली नहीं रह गया है। क्षेत्रीय जनता और व्यापारियों ने नेशनल हाईवे  का निर्माण करा रही कार्यदायी संस्था और संबंधित ठेकेदारों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए मांग की है कि रघुवंश चौराहा के आस-पास की इस बदहाल सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि इसे जल्द से जल्द सुरक्षित और चलने योग्य बनाया जा सके।

Popular Articles