Thursday, July 23, 2026

Top 5 This Week

spot_img

बदमाशों ने बाइक सवार युवक को असलहे दिखाकर लूटा

सादात गाजीपुर। थाना क्षेत्र का मखदुमपुर से खीदिरगंज जाने वाला सड़क मार्ग इन दिनों अपराधियों के लिए सेफ जोन बन चुका है। बेखौफ बदमाशों ने 12 दिनों के भीतर इसी मार्ग पर छिनैती की दूसरी बड़ी घटना को अंजाम देकर पुलिसिया गश्त की पोल खोल दी है। 28 मई को दिनदहाड़े पल्सर सवार नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक से असलहे के बल पर सोने की चेन और बाइक की चाभी लूट ली। सादात थाना क्षेत्र के पट्टी गरीब उर्फ मई निवासी आशिक अंसारी और बरकत अली  मखदुमपुर से अपने घर लौट रहे थे। दोपहर में कुवाटी तिराहे के पास एक काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक करके रोक लिया। बदमाशों ने आशिक अंसारी पर पिस्टल तान दी और डरा-धमकाकर उनके गले से 5 ग्राम की सोने की चेन और बाइक की चाभी छीन ली। वारदात के बाद बदमाश आजमगढ़ की तरफ फरार हो गए।इस सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था का आलम यह है कि ठीक 12 दिन पहले, यानी 16 मई को भी इसी तरह की घटना हुई थी। वर्तमान वारदात स्थल से महज 200 मीटर पहले कुवाटी पुलिया के पास बदमाशों ने आदित्य सिंह (निवासी तियरा) से सोने की चेन और मोबाइल फोन लूट लिया था। लगातार हो रही इन वारदातों से स्थानीय राहगीरों और ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। पीड़ित आशिक अंसारी ने तत्काल 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ राम कृष्ण तिवारी, सादात थाना अध्यक्ष पन्नेलाल यादव और मखदुमपुर चौकी प्रभारी संत राम यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ितों से पूछताछ की और बदमाशों सुराग लगाने के लिए आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। चौकी प्रभारी संत राम यादव ने बताया कि पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए पूरी ताकत से जुटी हुई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Popular Articles