
जमानियां (गाजीपुर)। गंगा दशहरा के मौके पर मंगलवार को कस्बा बाजार के यमदग्नि परशुराम गंगा घाट आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बन गया। मां गंगा उत्तरवाहिनी सेवा समिति की ओर से आयोजित भव्य गंगा आरती में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां गंगा का पूजन-अर्चन किया। दीपों की अलौकिक रोशनी, शंखध्वनि, घंटों की गूंज और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा घाट क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया। गंगा घाट को आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी एवं सजावट से भव्य रूप दिया गया था। घाट पर पहुंचे श्रद्धालु इस मनमोहक दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक ओम प्रकाश सिंह के प्रतिनिधि मन्नू सिंह ने मां गंगा के चित्र पर माल्यार्पण और विधिवत पूजन-अर्चन कर किया। इसके पश्चात यजमान पूजन, नाव पूजन, आर-पार माला पूजन तथा कलश पूजन जैसे धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। गंगा आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने मां गंगा के जयकारों के साथ आरती में सहभागिता निभाई। मन्नू सिंह ने कहा कि गंगा दशहरा भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा का प्रतीक पर्व है। मां गंगा केवल एक नदी नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और जीवन का आधार हैं। उन्होंने कहा कि गंगा की स्वच्छता और संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गंगा घाटों का विकास धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक एकता को भी मजबूत करता है। सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए समिति के सदस्य और स्थानीय लोग लगातार सक्रिय रहे। अंत में मां गंगा की आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष कमल चन्द्र बाबाजी, गोबिंद चौबे, जयप्रकाश यादव, रामचन्द्र राम, दिलिप वर्मा, डॉक्टर वीएस पांडेय ,रजनीकांत यादव,शंकर वर्मा,सोनू गुप्ता,सुनील प्रजापति,,सागर वर्मा, मनीष पटवा, अभिषेक गुप्ता,सोनल वर्मा, सतीश वर्मा व सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।




