… ग्राम प्रधान भूमि विवाद प्रबंधन समिति के अध्यक्ष होता है
… अगले एक महीने में जो भी विकास कार्य करने हैं उसे पूरा

गाजीपुर ।समस्त विकास खंडों के ग्राम प्रधानों की विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन आडिटोरियम हाल में किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने दीप प्रज्जवलित कर किया। कार्यशाला में फॉर्मर रजिस्ट्रीकरण, गो आश्रय स्थलों के संचालन, विकसित भारत जी राम जी योजना, स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण, पंचायत सचिवालयों के संचालन, प्रधानमंत्री आवास योजना, तथा फैमिली आई डी के तहत संचालित विभिन्न कार्यों पर चर्चा व दिशा निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में फर्टिलाइजर की कोई कमी नहीं है। पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। कुछ लोगों द्वारा इसकी ब्लैक मार्केटिंग किया जाता है यदि कोई भी व्यक्ति ऐसा करते पाया जाता है तो उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होने ग्राम प्रधानों से कहा कि आप भूमि विवाद प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हैं, इसलिए इस रोल का अच्छे से निर्वाह करते हुए रोड के विवाद, आबादी का विवाद एवं गांव के निजी खेतों का विवाद को सम्भ्रांत लोगों के साथ खुली बैठक बुलाकर लेखपाल से पैमाइश कराकर आप इसका निदान कर सकते हैं। उन्होंने अनुरोध किया कि आप अपनी भूमिका को अच्छे से निभाएं।

उन्होने गौ-आश्रय स्थल के संबंध में कहा कि निराश्रित पशुओं को गौशाला भेजें एवं जिन गांवों में गौशालाएं हैं उनको प्रॉपर्ली मेंटेन किया जाए। बहुत से गोवंश का मूवमेंट दूसरे जनपद या बिहार राज्य की तरफ होता है, उस पर नजर रखें। इस तरह की घटना हो रही हो तो आप अपने एसडीएम या संबंधित थाने पर जरूर सूचित करें। जिससे कि गौ – हत्या या पशु क्रूरता के मामले में दंडात्मक कार्रवाई हो सके। उन्होने कहा कि बहुत से लोग सेना एवं खेल से जुड़े हैं तो इसके लिए हर ग्राम पंचायत में एक अभियान चलाकर खेल का मैदान बनाया जाए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं स्वयं सहायता समूह बनाने का कार्य सरकार द्वारा किया जा रहा है इसमें आप एक प्रेरणा का रोल अपना कर महिलाओं को स्वयं सहायता समूह में जोड़ने का कार्य करें। जिलाधिकारी ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना आपका संवैधानिक अधिकार एवं जिम्मेदारी भी है, कानून व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए आपस में सामंजस बनाकर रखें प्रशासन आपके साथ है। उन्होने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में आप सहयोग करें। जिससे ज्यादा से ज्यादा किसान लाभान्वित हो सके। उन्होने कहा कि आपका कार्यकाल मई 2026 तक है अगले एक महीने में जो भी विकास कार्य करने हैं, चाहे मनरेगा हो या वित्त आयोग का पैसा हो उसको खर्च करके अधूरे कार्य को पूर्ण करायें अगर कहीं भी समस्या हो रही हो तो आप मुख्य विकास अधिकारी या जिलाधिकारी को अवगत करायें समस्या का समाधान किया जाएगा। राज्य सरकार एवं भारत सरकार द्वारा बहुत सी योजनाएं चलाई जाती हैं तो इसके लिए श्रमिकों का रजिस्ट्रेशन करायें। जिससे कि उनको योजना का लाभ मिल सके। जिलाधिकारी ने कहा कि गांव में सौहार्दय का वातावरण बनाकर रखें। उन्होने ग्राम प्रधानों से कहा कि ग्रावों में यदि कोई भी समस्या होती है तो पहले ब्लाक स्तर या तहसील स्तर पर समाधान कराये यदि नही होता है तो जिलाधिकारी के सीयूजी नं. 9454417577 पर व्हाटसएप या काल के माध्यम से अवगत करायें। अंत में जिलाधिकारी ने अच्छे कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों को प्रशस्ती प्रमाण पत्र एवं अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, प्रभारी सीडीओ/परियोजना निदेशक दीन दयाल वर्मा, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चन्द्र उपाध्याय, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सहित संबंधित अधिकारी, समस्त ग्राम प्रधानगण उपस्थित रहे।



