Friday, May 1, 2026

Top 5 This Week

spot_img

जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित किया जाएः एसपी

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा ने शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में किया। बैठक का उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा, विकास कार्यों की प्रगति का आकलन तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना रहा। जिलाधिकारी ने विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशानुसार सभी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायतीराज एवं नगर निकाय से संबंधित कार्यों की प्रगति पर ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होने ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता एवं तत्परता बरती जाए तथा प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रमों को गंभीरता से लिया जाए और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए। पुलिस अधीक्षक डा.ईरज राजा ने कहा कि सभी पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क दृष्टि बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों, असामाजिक तत्वों एवं अपराध पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाई जाए तथा जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित किया जाए। जिससे आमजन में सुरक्षा की भावना बनी रहे। बैठक में  मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, अपर पुलिस अधीक्षक शहर राकेश मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी/थाना प्रभारी,  संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Popular Articles