Tuesday, April 28, 2026

Top 5 This Week

spot_img

गोआश्रय स्थल पर हरे चारे की व्यवस्था न होने पर डीएम नाराज

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मंगलवार को गोआश्रय स्थलों के सम्बन्ध में जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट में किया। जिलाधिकारी ने सभी गोआश्रय स्थलों की तारबन्दी कराने के निर्देश दिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि गोआश्रय स्थलों पर रखे गए गोसेवकों एवं रात्रि चौकीदार को मनरेगा की दर से मासिक भुगतान किया जायेगा। गोआश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों के भरण पोषण के लिए कुछ गोआश्रय स्थल पर हरे चारे की व्यवस्था न होने पर, नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी उप जिलाधिकारी एवं खण्ड विकास अधिकारी को चारा उगाने वाले किसानों से अनुबन्ध कर दो दिन में हरे चारे की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए । जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को सभी अवशेष गोआश्रय स्थलों में तत्काल सीसीटीवी कैमरा एवं वाई फाई लगाने के निर्देश दिए।  मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा० अरविन्द कुमार शाही ने बताया कि 15 अप्रैल से सभी गोआश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों के भरण पोषण के लिए भूसा संग्रहण अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें आगामी छः माह की आवश्यकता के लिए दान एवं क्रय के माध्यम से भूसा संग्रह किया जा रहा है। बैठक में सीडीओ सन्तोष कुमार वैश्य, डीडीओ सुभाष चन्द्र सरोज पीडी दीन दयाल वर्मा, डीपीआरओ रमेश चन्द्र उपाध्याय, नोडल अधिकारी गौशाला डा० राकेश कुमार गौतम, सभी उप जिलाधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद / नगर पंचायत, पशु चिकित्साधिकारी एवं गोआश्रय स्थलों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

Popular Articles