
गाजीपुर। वेलफेयर क्लब की ओर से लंका मैदान में आयोजित 29वां वेलफेयर उत्सव एवं साहित्य गौरव सम्मान समारोह हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सरकारी अफीम एवं क्षारोद कारखाना के महाप्रबंधक दौलत कुमारतथा विशिष्ट अतिथि मां कंवलपती हॉस्पिटल डॉ. स्वतंत्र सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया । दौलत कुमार ने कहा कि जिले में पहली बार किसी साहित्यकार को इस प्रकार सम्मानित किया जाना अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि साहित्य समाज का दर्पण होता है और साहित्यकार समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं। डॉ. मांधाता राय जैसे विद्वान को सम्मानित कर वेलफेयर क्लब ने न केवल उनका गौरव बढ़ाया है, बल्कि साहित्यिक परिवेश को नई ऊर्जा प्रदान की है। इसके उपरांत वरिष्ठ साहित्यकार एवं स्वामी सहजानंद पीजी कालेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. मांधाता राय को “साहित्य गौरव सम्मान” से नवाजा गया। उल्लेखनीय है कि जिले में पहली बार किसी साहित्यकार को इस प्रकार के विशेष सम्मान से सम्मानित किया गया, जिससे साहित्य जगत में खासा उत्साह देखा गया।इसके अतिरिक्त समाज सेवा के क्षेत्र में बाबू लाल मानव को “समाज सेवा सम्मान”, पर्यावरण संरक्षण के लिए लव तिवारी को “पर्यावरण संरक्षण सम्मान” तथा शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए श्रीप्रकाश सिंह को “उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान” प्रदान किया गया। वहीं जवाहर नवोदय विद्यालय की छात्रा वैष्णवी सिंह को सीबीएसई हाईस्कूल परीक्षा में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने पर “बेस्ट स्टूडेंट अवार्ड” दिया गया। संचालन कर रही संतृप्ति शर्मा को “बेस्ट एंकर अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया। बौद्धिक ज्ञान प्रतियोगिता के सफल संचालन में योगदान देने वाले पीजी कॉलेज टेरी के सभी छात्रों को प्रमाण पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। वहीं राजेश कुमार मौर्य तथा रुक्मिणी सिंह को “प्रूफ रीडर अवॉर्ड” प्रदान किया गया। क्लब द्वारा आयोजित जनपद स्तरीय बौद्धिक ज्ञान प्रतियोगिता के अंतर्गत मेहंदी, सामान्य ज्ञान, गणित एवं तार्किक, चित्रकला, निबंध, वाद-विवाद, गायन तथा शास्त्रीय एवं लोक नृत्य प्रतियोगिताओं में चयनित 382 प्रतिभागियों को शील्ड एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। डॉ. स्वतंत्र सिंह ने कहा कि दूर-दराज क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों की भागीदारी इस आयोजन की सफलता को दर्शाती है। कार्यक्रम में अन्य अतिथियों द्वारा भी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया, जिनमें विनीत सिंह प्रिंसिपल, ओम साईं पब्लिक स्कूल कासिमाबाद, उमेश मिश्रा एडूरेन ग्लोबल स्कूल, देवचंदपुर, सोनी यादव दी ग्रेट बुद्धा पब्लिक स्कूल, तुलसीपुर, पंकज सिंह कुशवाहा संत कबीर पब्लिक स्कूल, तुलसीपुर तथा अमित प्रकाश पीजी कॉलेज, टेरी शामिल रहे। इस मौके पर विजय लक्ष्मी, अमिताभ राय, नेवेंद्र कुमार, सैफ अंसारी, अमरनाथ तिवारी ‘अमर’, डॉ. आर.एन. वर्मा एवं हीरा राम गुप्ता, पवन कुमार पांडे, डॉ. जितेन्द्र कुमार, प्रतीक यादव, सत्य देव दूबे एवं अजय यादव आदि रहे। जबकि क्लब संरक्षक धीरेन्द्र त्रिपाठी ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।अंत में वेलफेयर क्लब के अध्यक्ष डॉ. शरद कुमार वर्मा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




