
गाजीपुर। पुलिस लाइन में रविवार को परेड ग्राउण्ड पर ‘रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत परेड समारोह 2025-26’ का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक पीयूष मोर्डिया ने परेड की सलामी ली। इस अवसर पर कुल 24 टोली के 690 रिक्रूट आरक्षियों ने अपने नौ माह के कठिन प्रशिक्षण के उपरांत शानदार परेड का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 08 बजे परेड कमांडर तृतीय द्वारा परेड को परेड स्थल पर लाने के साथ हुआ। तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के आगमन पर उनका विधिवत अभिवादन किया गया। मुख्य अतिथि एडीजे ने परेड की टोलियों का निरीक्षण किया और सलामी ली।समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। रिक्रूट आरक्षियों ने मुख्यमंत्री के संदेश को सुना। जिसमें उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक, संवेदनशील और अपराध के प्रति सख्त होने का आह्वान किया। एडीजे पीयूष मोर्डिया ने नवनियुक्त आरक्षियों को अनुशासन और कर्तव्यपरायणता का पाठ पढ़ाया। इस मौके पर प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूटों को पीयूष मोर्डिया एवं जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया ।सम्मानित होने वाले रिक्रूटों में कांस्टेबल चन्द्र प्रकाश मणि त्रिपाठी, परेड कमाण्डर-प्रथम कां, चन्द्र प्रकाश मणि त्रिपाठी, रेड कमाण्डर-द्वितीय अनूप चौहान, परेड कमाण्डर-तृतीय संदीप दूबे, का. प्रशांत सिंह और कांस्टेबल अविनाश कुमार शामिल हैं। समारोह के अंतिम चरण में पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा ने सभी रिक्रूट आरक्षियों को देश की सेवा, संविधान के प्रति निष्ठा और जनसुरक्षा की पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।




