
भांवरकोल (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के कनुवान गांव में शुक्रवार देर शाम अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने एक गरीब परिवार की पूरी गृहस्थी को राख में बदल दिया। आग लगने से कस्तूरिया देवी, पत्नी स्वर्गीय ऋषदेव पासवान के घर में भारी नुकसान हो गया। बताया जा रहा है कि आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते मिट्टी की दीवार पर बने दो टीनशेड और एक झोपड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घर में रखा चौकी, कपड़े, बिस्तर, अनाज, साइकिल और भूसा समेत पूरा घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। अगलगी की इस घटना में परिवार के मवेशियों को भी नुकसान पहुंचा है। आग की चपेट में आकर दो बकरियां गंभीर रूप से झुलस गईं। पीड़ित परिवार के अनुसार एक बकरी और कुछ बकरियों के बच्चे अभी भी लापता हैं। घटना की सूचना मिलने पर गांव के लोग मौके पर पहुंच गए और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रोजमर्रा के जीवन की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।इस संबंध में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि उपेन्द्र राय ने बताया कि घटना की जानकारी राजस्व विभाग को दे दी गई है। लेखपाल द्वारा मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार कर दी गई है और इसे ऑनलाइन भी भेज दिया गया है, ताकि पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता मिल सके।




