
गाजीपुर। समाजवादी पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं ने कटरिया गांव की युवती निशा विश्वकर्मा के हत्यारों के खिलाफ पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने, गहनता से मृतका के विसरा की जांच कराने,मृतका के परिजनों को सुरक्षा प्रदान करने,कल मृतका के दरवाजे शोक संवेदना व्यक्त करने गयी समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव रीता विश्वकर्मा और अन्य सामाजिक संगठनों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा करंडा थानाध्यक्ष को बर्खास्त करने की मांग को लेकर सरजू पांडे पार्क में विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद सपा कार्यकर्ता जुलूस निकालकर निशा विश्वकर्मा के हत्यारो को फांसी दो, निशा के परिजनों को न्याय दो, करंडा थानाध्यक्ष को बर्खास्त करो ऐसे तमाम नारे लगाते हुए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे जहां जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने उन्हें छ: सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि योगीराज में चारों तरफ जंगलराज कायम है। अपराधी सर चढ़ कर बोल रहे हैं। उनमें न कानून का खौफ है न पुलिस का डर। सत्ता के संरक्षण में अपराधी फल-फूल रहे हैं और बेखौफ होकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। नारियों की अस्मत दिन दहाड़े लूटी जा रही है और योगी जी चैन की बंशी बजा रहे हैं। उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से वार्ता करते हुए पीड़ित परिजनों को न्याय दिलाने की बात कही। विधायक डॉ विरेन्द्र यादव ने कहा कि इस भाजपा सरकार में बहु बेटियों का जीना हराम हो गया है। उनकी इज्जत महफूज नहीं हैं। बेटियां घर से उठायी जा रही है और उनके साथ बलात्कार कर उनकी हत्या कर दी जा रही है।

शिकायत करने पर अपराधियों के कार्रवाई की बात छोड़िए पुलिस द्वारा उनके खिलाफ मुकदमा भी नहीं दर्ज किया जा रहा है उल्टे पीड़ित परिजनों और उनके यहां पुरसाहाल करने के लिए जाने वाले लोगों को पुलिस और नामित अपराधियों द्वारा जान से मारने की धमकी दी जा रही है। विधायक जैकिशन साहू ने कहा कि प्रदेश की जनता में भय व्याप्त है। यह सरकार प्रदेश में कानून व्यवस्था के सवाल पर नाकाम साबित हुई है। योगी जी की केवल जुवां हिल रही है,उनकी कलम अपराधियों के खिलाफ नहीं चल रही है। उनका बुलडोजर केवल गरीबों के घर रौंदता है अपराधियों के घर रौंदने में उनके बुलडोजर का तेल खत्म हो जाता है। इस मौके पर पूर्व विधायक त्रिवेणी राम, सांसद प्रतिनिधि बलिराम पटेल,राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा,पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, डॉ नन्हकू यादव, प्रदेश सचिव सुशील जायसवाल, विश्वकर्मा महासभा के अध्यक्ष शशिकांत शर्मा, तहसीन अहमद,सत्येन्द्र यादव सत्या,राम औतार शर्मा,मदन यादव ,हरेंद्र विश्वकर्मा,मदन मोहन शर्मा,खेलन यादव, अशोक कुमार बिन्द,कन्हैयालाल विश्वकर्मा, शिवशंकर यादव,रीता विश्वकर्मा, रामवचन यादव,विभा पाल,निजामुद्दीन खां,, मार्कंडेय यादव, बिंदु बाला बिंद,दिनेश यादव, अमित ठाकुर,डॉ समीर सिंह, बांबी चौधरी, संतोष यादव, जयराम भारती,पंकज यादव,शेर अली राईन,सुषमा बिंद, कंचन रावत, शिशु यादव,रीना यादव, सुनील यादव, राकेश यादव, रामाशीष,सुग्गु आदि उपस्थित थे।।




