
दिलदारनगर (गाजीपुर) । जबुरना गांव में आयोजित शहीद अकबर खान राज्यस्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मोहम्मदपुर व ताजपुर कुर्रा के बीच खेला गया।रोमांचक मुकाबले में मोहम्मदपुर की टीम ने कुर्रा को 1-0 से हराकर कप अपने नाम कर लिया।मुख्य अतिथि विधायक ओम प्रकाश सिंह ने फीता काटकर मैच का शुभारंभ किया।विजेता व उपविजेता टीम को कप दिया।पहले हाफ में ही मोहम्मदपुर टीम के खिलाड़ी आक्रामक खेल दिखाते हुए ताजपुर कुर्रा टीम के डिफेंस को चकमा देकर शानदार गोल दागा और 1-0 की बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। कुर्रा की टीम ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए लेकिन मोहम्मदपुर टीम की मजबूत डिफेंस के आगे उनके सभी प्रयास विफल रहे और मोहम्मदपुर की टीम ने कुर्रा को 1-0 से हराया।ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि फुटबाल का खेल क्षेत्र की पहचान है।यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा से पहचान बनाये है।खेल से शारिरिक व मानसिक विकास भी होता है।मैच में रेफरी की भूमिका अंकित सिंह ने निभाई जबकि आसिफ और बाबर खान कमेंट्री के रूप में मौजूद रहे। मोहम्मदपुर के खिलाड़ी चांद को मैन ऑफ द मैच और कुर्रा के आमिर खान को बेस्ट ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।इस अवसर पर ग्राम प्रधान सरफराज खान, गुफरान खान, सरताज खान, जावेद खान, मन्नू सिंह, नौशाद खान, अजहर अंसारी, अनिल यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।




