
शादियाबाद (गाजीपुर)। स्थानीय एएचएम. पब्लिक स्कूल में शनिवार की शाम वार्षिकोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अवनीश महाराज ने दीप प्रज्वलन करके किया। इसके बाद नन्हे कलाकारों ने ‘गणेश वंदना’ की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मंच पर अपनी प्रतिभा का ऐसा प्रदर्शन किया कि पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रमों में राजस्थानी, कश्मीरी और बंगाली नृत्य के जरिए भारत की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाया गया। ‘ऑपरेशन सिंदूर’, ‘संस्कार ड्रामा’ और ‘बागबान’ जैसे नाटकों ने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया और समाज को एक सार्थक संदेश दिया। इसके अलावा ‘हॉरर ड्रामा’ और अन्य विविध प्रस्तुतियों ने भी लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।

मुख्य अतिथि डॉ. विजय यादव ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यालय की सराहना करते हुए कहा कि यहाँ शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों का उत्कृष्ट समावेश देखने को मिलता है, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है।विद्यालय के प्रधानाचार्य आरसी राय ने विद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत किया। इसके बाद वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में कोमल यादव, आमिर अली, निजामुद्दीन सिद्दीकी, रमेश कुशवाहा, अंशु सिंह, रणवीर सिंह, आफताब अंसारी (अपोलो), अब्दुल्लाह अहमद, दानिस अहमद. सतेंद्र यादव सत्या, रजनीश यादव, अमित यादव, योगेश यादव, अखिलेश प्रधान, हरेंद्र कुमार, मुन्ना प्रधान, ताहिर हुसैन, अनिल कुमार (एई) और विनोद कुमार सहित भारी संख्या में अभिभावक व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में स्कूल के फाउंडर रियाजउद्दीन अहमद (गुड्डू) ने आए हुए अतिथियों, का आभार व्यक्त किया।




