Saturday, July 25, 2026

Top 5 This Week

spot_img

जिलाधिकारी ने विद्यालय में एस्ट्रो लैब  का फीता काटकर किया उद्घाटन

गाजीपुर। उच्च प्राथमिक विद्यालय बीकापुर में “स्कूल चलो अभियान” के तहत एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें जिलाधिकारी अविनाश कुमार, पुलिस अधीक्षक डा.ईरज राजा एवं सीडीओ संतोष कुमार वैश्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। अधिकारियों ने नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, माला पहनाकर एवं पाठ्य सामग्री वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया । इस दौरान अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए अपने बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने तथा नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया गया। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने विद्यालय में स्थापित एस्ट्रो लैब  का फीता काटकर उद्घाटन किया। जिलाधिकारी ने कहा कि “एस्ट्रो लैब केवल एक उपकरण नहीं, बल्कि बच्चों के लिए विज्ञान की दुनिया का द्वार है।

इसके माध्यम से बच्चे आकाश, ग्रह-नक्षत्रों एवं ब्रह्मांड के रहस्यों को समझने की जिज्ञासा विकसित करेंगे। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार की प्रयोगात्मक सुविधाओं का नियमित उपयोग अत्यंत आवश्यक है, जिससे बच्चों में ‘करके सीखने’ की प्रवृत्ति विकसित हो सके।”उन्होंने निर्देशित किया कि एस्ट्रो लैब का नियमित एवं प्रभावी अनुप्रयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि यह केवल एक प्रदर्शन तक सीमित न रहकर बच्चों के दैनिक शिक्षण-अधिगम का हिस्सा बने। उन्होंने कहा कि “विज्ञान केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे चारों ओर है। एस्ट्रो लैब के माध्यम से आप स्वयं प्रयोग कर सकते हैं, आकाश को समझ सकते हैं और अपने अंदर छिपे वैज्ञानिक को पहचान सकते हैं।

पुलिस अधीक्षक डा.ईरज राजा ने बच्चों को अनुशासन, सुरक्षा एवं जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाते हुए शिक्षा के महत्व पर बल दिया। सीडीओ ने शिक्षा को समाज के सर्वांगीण विकास की आधारशिला बताते हुए “निपुण भारत मिशन” के लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से प्राप्त करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें देशभक्ति गीत, नृत्य एवं लघु नाटिकाएं शामिल रहीं। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Popular Articles