
दिलदारनगर (गाजीपुर) । दिलदारनगर कस्बा के वार्ड नौ चूड़ी गली स्थित एक खाली जमीन में बना टीनशेड के गोदाम में गुरुवार की दोपहर आग लगने से मेडिकल स्टोर संचालक अरंगी गांव निवासी अंकित मिश्रा की झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई।अगल बगल के लोगों ने छत से पाइप लगाकर समर्सिबल से आग को बुझाया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।फिलहाल आग कैसे लगी इसकी जानकारी नहीं हो सकी। इस मामले में छोटे भाई अनीश मिश्रा ने थाना में आग लगने से मौत होने की तहृरीर दी है। बताया जाता है कि कस्बा के वार्ड नौ चूड़ी गली में अरंगी गांव निवासी अंकित मिश्रा किराया की दुकान में मेडिकल स्टोर चलाते है।मेडिकल स्टोर के पीछे एक मकान में खाली जमीन है।जिसमें टीनशेड़ से गोदाम बनाया गया है। जिसमें मंडी के व्यापारी प्लास्टिक का कैरेट व बोरा रखते है।अचानक दोपहर में गोदाम से धुंआ उठने लगा। देखते ही देखते आग की लपटे उठने लगी। यह देख अंकित अंदर देखने चला गया। जैसे ही वह अंदर गया आग की तेज लपटों के बीच फंस गया। वह अपनी जान बचाने के लिए शौचालय छिप गया लेकिन आग की तेज लपटों ने उसे अपने आगोश में ले लिया। लोगों ने आग की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। आग की तेज लपटे देख स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। मेडिकल संचालक अंकित मिश्रा के अंदर होने की सूचना पर लोग अपने छतों से बाल्टी व समरसेबुल से पाइप लगाकर आग को बुझाने में जुट गए।लेकिन आग की तेज लपटे कम नहीं हो रही थी। लोगों ने गोदाम के पीछे वाले दीवार को तोड़ दिया। देखा कि शौचालय के पास अंकित मिश्रा की झुलसने से मौत हो गई थी। लोगों के प्रयास से आग की लपटें कम होने पर पुलिस ने लोगों की मदद से शव को बाहर निकालवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।मौत की सूचना पाकर छोटा भाई अनीश मिश्रा भी वहा पहुंच गया और भाई के जले शव को देख रोने लगा। घटना की सूचना पाकर अरंगी गांव से ग्रामीण भी थाना पहुंच गए।उधर घटना की सूचना गांव में आग की तरह फैल गई।थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और शव को कब्जे में लिया गया है।




