
रेवतीपुर (गाजीपुर)। स्थानीय ग्राम पंचायत को “सीएम पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार” के लिए चुना गया है। इसके तहत पंचायत को 35 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। यह राशि गांव के विकास कार्यों को और गति प्रदान करेगी।लगभग 70 हजार की आबादी और 26 हजार मतदाताओं वाली रेवतीपुर पंचायत ने पिछले कुछ वर्षों में योजनाओं के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन से एक मिसाल कायम की है। गांव में सड़क, स्वच्छता, पेयजल, नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट, शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं जैसे क्षेत्रों में व्यापक कार्य किए गए हैं।रेवतीपुर में विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि हर गली-मोहल्ले तक पहुंचे हैं। पंचायत ने गांव में दो आउटडोर फुटबॉल मैदान, व्यायामशाला, ओपन जिम, बैडमिंटन कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट और फव्वारे जैसी सुविधाएं विकसित की है। जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है।ग्राम प्रधान राकेश राय के नेतृत्व में पंचायत ने विकास की मजबूत नींव रखी है। प्रधान ने बताया कि पंचायत में कुल 15 वार्ड और 17 मौजे शामिल हैं, जहां पिछले पांच वर्षों में करीब साढ़े आठ करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए गए हैं।गांव के 7 किलोमीटर लंबे रिंग रोड पर 250 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं और अब तक 6 बारात घरों का निर्माण कराया जा चुका है। इन सुविधाओं ने न केवल आधारभूत ढांचे को मजबूत किया है, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया है।ग्राम प्रधान राकेश राय ने बताया कि उनका लक्ष्य रेवतीपुर को प्रदेश का एक आदर्श और मॉडल पंचायत बनाना है। पंचायत सचिव दीपक यादव ने इस उपलब्धि को टीमवर्क और शासन की योजनाओं के सफल क्रियान्वयन का परिणाम बताया।”सीएम पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार” के लिए रेवतीपुर का चयन उसकी उत्कृष्ट कार्यशैली का प्रमाण है। यह ग्राम पंचायत अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणास्रोत बन चुकी है।




