
रेवतीपुर (गाजीपुर)। हमीद सेतु पर शनिवार की भोर करीब साढ़े तीन बजे तेज रफ्तार का कहर ऐसा टूटा कि खाली ट्रेलर सेतु की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे गंगा में जा गिरा। सुहवल थाना के वीर अब्दुल हमीद सेतु पर महज 15 दिन के भीतर दूसरी बड़ी दुर्घटना सामने आई है। शनिवार की भोर तेज रफ्तार ट्रेलर और सब्जी लदी पिकअप के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर अनियंत्रित होकर करीब 20 से 25 फीट तक सेतु की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे गंगा में जा गिरा। हादसे के समय ट्रेलर पर चालक और एक खलासी सवार थे, जो वाहन समेत गंगा में समा गए। वहीं टक्कर के बाद पिकअप पर लदी सब्जियां सेतु पर बिखर गईं और पिकअप पलटकर क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में पिकअप चालक रवि (25) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई। सेतु पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस तत्काल पुलपर पहुंच गई। इस घटना के चलते सेतु पर घंटों यातायात बाधित हो गया। लोग जाम में फंस गये।

बताया जा रहा है कि पिकअप शहर की ओर सब्जी लादकर आ रही थी, जबकि ट्रेलर सेतु पार कर दूसरी दिशा में जा रहा था। दुर्घटना में पिकअप चालक घायल हो गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और सूचना मिलते ही पुलिस व राहत टीम मौके पर पहुंची। सुहवल थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया है।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। गंगा में गिरे ट्रेलर और उसमें सवार चालक व खलासी की तलाश की रही है।
… इनसेट
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गोरखपुर के पीपीगंज निवासी अमित मल्ल का ट्रेलर बिहार की ओर जा रहा था। ट्रेलर को 28 वर्षीय चालक राजन यादव (निवासी कौड़ीराम) चला रहा था, साथ में एक खलासी भी सवार था।
… इनसेट
घटना के कई घंटे बाद ग्रामीण पुलिस अधीक्षक अतुल सोनकर मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उनके निर्देश पर राहत एवं बचाव कार्य को तेज कर दिया गया है।सुरक्षा के मद्देनजर सेतु के दोनों तरफ पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए टीआई मनीष त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार निगरानी कर रही है।




