
मरदह गाजीपुर। जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र से दो विधायक रहे व वर्तमान भाजपा प्रत्याशी कालीचरण राजभर ने लखनऊ में बुधवार की शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास कालीदास मार्ग 5 पर मुलाकात कर जनसमस्याओं से अवगत कराते हुए निदान की मांग किये। जिसमें जहूराबाद के ग्राम-मोहम्मदपुर कुसुम व ग्राम महड़ौर में 25 मार्च को किसानों के खेतों से गुजरी हाई वोल्टेज लाइन के जर्जर तार टूटने से लगे हुए गेहूँ के खेत में गिर गया और देखते ही देखते भीषण आग लग गई थी। जिसमें किसानों की सैकड़ों बीघे में पकी हुई गेहूं की फसल जलकर राख हो गयी।जिसके कारण अन्नदाता किसानों को उनकी जीविका के संसाधन का कोई विकल्प नहीं बचा है।हल्का लेखपाल व राजस्व अधिकारियों के सर्वे अनुसार मोहम्मदपुर कुसुम में 279 लोगों का गेहूँ जलकर राख हो गया तथा महड़ौर गांव में लगभग सात लोगों का। सभी किसान परिवार मध्यमवर्गीय वर्ग में आते हैं। मुख्यमंत्री विवेकाधीन व दैविक कोष से इनको आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। जिससे इन गरीबों के बच्चों एवं परिवार में कोई भूखे न सोये।इसी क्रम में जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत भड़सर व ग्राम पंचायत सियारामपुर के बीच में फोर लेन सड़क से राजापुर राजवाहा नहर से निकलकर जो पिच मार्ग सत्येन्द्र पाण्डेय के कालेज से होते हुए नहर के किनारे ग्राम पाण्डेयपुर राधे व रायपुर देवकली पम्प नहर मेन पुल के पास तक वर्षों से बनी हुई है।उक्त सड़क की मरम्मत नहीं हो रही है। जिसके कारण इस मार्ग पर जगह-जगह गडढे हो गये हैं।




