
बिरनों (गाजीपुर)। बिरनो, मरदह और जंगीपुर थाना क्षेत्रों में हुई चोरियों को लेकर सोमवार को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव और विधायक डा.वीरेंद्र यादव की अगुआई में कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा को ज्ञापन सौंपा। नेताओं ने आरोप लगाया कि विगत एक सप्ताह के भीतर क्षेत्र में लगातार बड़ी चोरी की घटनाएं हुईं, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। इससे आमजन में भय का माहौल बना हुआ है।बताया गया कि बिरनो और मरदह थाना क्षेत्र के रामदोपुर और पलिया मठिया गांव में छह घरों में चोरी हुई, वहीं टिशोरी गांव में पांच घरों को चोरों ने निशाना बनाया। इसके अलावा जंगीपुर थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव में भी एक घर में लाखों की चोरी की वारदात सामने आई है।लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद भी चोरों का कोई सुराग न मिलने पर सपा नेताओं ने संबंधित थानाध्यक्षों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द घटनाओं का खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है।पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।




