
जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार क्षेत्र के बाईपास रेलवे फाटक के पास सोमवार को उस वक्त हड़कंपच गया, जब हाईटेंशन के शॉर्ट सर्किट से गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई। इस आग से तान किसानों का करीब डेढ़ बीघा फसल जल कर राख हो गया। बताया जाता है कि सोमवार की दोपहर बाईपास रेलवे फाटक के पास कुछ लोगों ने गेहूं की खड़ी फसल में आग की लपटे उठते हुए देख शोर मचाना शुरू किया। शोरगुल की आवाज सुनकर ग्रामीण खेत की तरफ दौड़े और फसल में लगी आग को बुझाने में जुट गए। लोगों ने फायर ब्रिगेड को फोन कर घटना की जानकारी दी। लेकिन फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझा दिया। ग्रामीणों ने आशंका व्यक्त किया कि खेत के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार से उठी चिंगारी के कारण फसल में आग लग गई होगी। गड़ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कृष्णानंद कुशवाहा ने बताया कि अगलगी की इस घटना में बुढ़ाडीह निवासी बुधिराम, गड़डी निवासी दलचंद कुशवाहा व कमलेश कुशवाहा के लगभग 10-10 बिस्वा गेहूं की फसल का नुकसान हुआ है।




