
गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक रेलवे गोरखपुर लक्ष्मीनिवास मिश्र द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओ की सुरक्षा में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक सविरत्न गौतम के नेतृत्व में मिशन शक्ति के तहत महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके तहत गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर बालिकाओं-महिलाओं को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वालंबन अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओँ को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बहू सम्मेलन अभियान, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, रानी लक्ष्मी बाई बाल एवं महिला सम्मान कोष, नारी शक्ति वंदन अधिनियम मातृ शक्ति को सम्बल, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित अन्य योजनाओँ को लेकर जागरुक करते हुए इसका लाभ लेने की अपील की गई।मिशन शक्ति फेज 5.0 महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के अंतर्गत जानकारी देते हुए विभिन्न हेल्पलाइन नंबर से अवगत कराया गया। बताया गया कि 112, पुलिस आपातकालीन सेवा, 1090, वूमेन पावर हेल्पलाइन, 1076, माननीय मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 108, एंबुलेंस सेवा, 1930, साइबर अपराध हेल्पलाइन, 1098, चाइल्ड हेल्पलाइन, 102, स्वास्थ्य सेवा, 181 वीमेन हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा के बारे में जानकारी देते हुए जागरूक किया गया।




