
कठवामोड़ (गाजीपुर)। नोनहरा क्षेत्र बेसो नदी पुल के पास संचालित एक ढाबे पर ग्रामीणों की लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार शाम सीओ कासिमाबाद अनुभव राजश्री और नोनहरा थानाध्यक्ष संतोष पाठक ने पुलिस बल के साथ ‘एक श्री राधे एवं होटल फैमिली रेस्टोरेंट’ पर औचक छापेमारी की।बोरसिया गांव के कुछ लोगों का आरोप है कि इस ढाबे की आड़ में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। ग्रामीणों ने बताया कि इसकी शिकायत कई बार की गई थी, लेकिन कार्रवाई न होने से उनके बीच काफी रोष था। पुलिस की भनक लगते ही रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि ढाबे के कमरों का एक दरवाजा पश्चिमी छोर पर नदी की तरफ खुलता है। जैसे ही पुलिस मुख्य द्वार से अंदर दाखिल हुई, वहां मौजूद कुछ संदिग्ध लोग पिछले दरवाजे से नदी के रास्ते भागने में सफल रहे। सीओ कासिमाबाद अनुभव राजश्री ने बताया कि जांच के दौरान संचालक होटल संचालन से संबंधित कोई भी वैध लाइसेंस पेश नहीं कर सका। हालांकि, मौके से कोई प्रतिबंधित या अवैध सामान बरामद नहीं हुआ है।फिलहाल होटल को बंद करवा दिया गया है और संचालक को कड़ी चेतावनी दी गई है।




