
रेवतीपुर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र में मंगलवार को उतरौली–नगसर मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से हाईस्कूल कला की परीक्षा देकर घर लौट रहे 16 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार सुहवल थाना क्षेत्र के ढढनी भानमल राय गांव निवासी आशीष वर्मा(16) मंगलवार को रेवतीपुर स्थित नेहरू विद्यापीठ इंटर कॉलेज से हाईस्कूल की परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान उतरौली–नगसर मार्ग पर सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे पास लेते समय जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि आशीष गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।स्थानीय लोगों की सूचना पर एम्बुलेंस की मदद से रेवतीपुर सीएचसी लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।आशीष के पिता मंगरू वर्मा गांव में ही परचून की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। थाना के प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।




