
सैदपुर (गाजीपुर) । टी 20 वर्ल्डकप के फाइनल में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को हराकर इतिहास रचा तो टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव के गांव में आतिशबाजी हुई एवं ढोल नगाड़े बजे। सूर्यकुमार यादव के दादा विक्रमा यादव एवं चाचा राजकपूर यादव को लोगों ने मिठाई खिलाकर एवं गुलाल लगाकर बधाई दी। अगले दिन सुबह सूर्यकुमार यादव के घर क्रिकेट प्रेमियों एवं सामाजिक संगठनों के लोगों ने पहुंचकर बधाई दी, लेकिन कोई भी जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचा, जिसका मलाल कप्तान के परिवार में दिखा। शाम को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, नायब तहसीलदार अजय वर्मा के साथ पहुंचे और विक्रमा यादव समेत परिवार के अन्य सदस्यों को मिठाई खिलाई। साथ ही बुके भेंटकर जीत की बधाई दी। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि सूर्यकुमार यादव ने सैदपुर तहसील समेत जिले का नाम विश्वपटल पर रोशन किया है। कहा कि इस गांव ने ऐसे लाल को जना है, जिसका कोई मिशाल नहीं है। मुंबई में रहते हुए सूर्या ने इस गांव का नाम सबके जुबां पर सम्मान ला दिया। आने वाले समय में इस गांव और जिले के अन्य क्रिकेटर सूर्यकुमार को अपना आदर्श मानकर आगे बढ़ेंगे। इस मौके पर युवा शक्ति संघ के अध्यक्ष सुनील यादव, पवन यादव, अम्बरीष यादव आदि थे।




