
गाजीपुर ।सोशल मीडिया पर अफवाह फैलायी जा रही है कि पेट्रोल, डीजल के दामों में बृद्धि होने वाली है, जिस कारण से पेट्रोल पम्पों/डीजल पम्पों पर अनावश्यक भीड़ हो रही है। इससे भयभीत होकर लोग अनावश्यक रूप से जरकीन, गैलन एवं ड्रम में पेट्रोल/डीजल भरवा रहे है एवं गैस एजेन्सियों से गैस सिलेण्डर लेकर संग्रहित किया जा रहा है। ऐसा भी सुनने में आया है कि छोटे बाजारों में अनाधिकृत रूप से प्राईवेट व्यक्तियों द्वारा अधिक मूल्य पर बेचने के उद्देश्य से पेट्रोल एवं डीजल का संग्रहण किया जा रहा है और खुले बाजार में काफी अधिक मूल्य पर बेचने का प्रयास किया जा रहा है।जिला पूर्ति अधिकारी अनन्न प्रताप सिंह नागरिकों को सूचित किया है कि जिला प्रशासन ऑयल मार्केटिंग कंपनियों से निरन्तर समन्वय स्थापित कर सुचारू रूप से पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस सिलेण्डर की आपूर्ति सुनिश्चित कराई जा रही है। वर्तमान परिस्थिति में समस्त पेट्रोल पंपों/गैस एजेन्सियों पर पर्याप्त मात्रा में डीजल, पेट्रोल एवं घरेलू गैस सिलेण्डर उपलब्ध है। आयल कंपनियों का कहना है कि डीजल, पेट्रोल एवं घरेलू गैस सिलेण्डर के मांग एवं आपूर्ति में कोई रूकावट नहीं है। डीजल पेट्रोल का मूल्य बढ़ने सम्बन्धी कोई भी अधिकारिक सूचना अभी तक प्राप्त नहीं है।उन्होने पेट्रोल पंप मालिको एवं गैस एजेन्सी संचालकों को निर्देशित किया है कि नियमानुसार पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस की आपूर्ति कराना सुनिश्चित करें एवं यह अवश्य ध्यान दिया जाय कि कोई भी गैस एजेन्सी/पेट्रोल पम्प, घरेलू गैस / पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति को अकारण न रोकें और न ही कहीं पर अवैध भण्डारण ही हो। किसी भी व्यक्ति को थोक में पेट्रोल, डीजल की आपूर्ति न की जाय।




