
जमानियां (गाजीपुर)। नगर क्षेत्र के पांडेय मोड़ स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में शनिवार की देर रात शार्टसर्किट से आग लगने से करोड़ो का सामान जलकर राख हो गया। अग्निकांड में दुकान में रखे टीवी, पंखे, इन्वर्टर, मोबाइल, ऐसी,वायरिंग और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार दुकान मालिक अफरोज रोज की तरह शनिवार की रात दुकान बंद कर घर चला गया । कुछ ही देर बाद पड़ोस के दुकानदारों ने मोबाइल से सूचना दिया कि दुकान के अंदर से धुआं निकल रहा है। आग की सूचना मिलते ही आनन फानन में अफरोज दुकान पर पहुंच गया। दुकान का शटर उठाया तो अंदर आग विकराल रूप ले चुकी थी । आग की लपटें देख आसपास के दुकानदारों की भीड़ लग गई। सभी मिलकर आग बुझाने लगे। आग की लपटें लगातार बढ़ती जा रही थी। लोग भय के कारण पास नहीं जा पा रहे थे। लोगों ने घटना की सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। लोगों के सहयोग से फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। अग्निकांड में दुकान का सारा सामान जल कर राख हो गया।इस संबंध में अफरोज ने कोतवाली में आग लगने की सूचना दे दी है।




