Saturday, July 25, 2026

Top 5 This Week

spot_img

पूजा-पाठ से मन को शांति मिलती हैः डा.वीरेंद्र

रेवतीपुर (गाजीपुर)। ताड़ीघाट में प्राचीन ब्रह्म शिव गंगा धाम मंदिर का दो दिवसीय वार्षिक पूजनोत्सव एवं विशाल भंडारा शुक्रवार देर रात्रि भक्ति और उल्लास के माहौल में संपन्न हो गया। इस अवसर पर आसपास के दर्जनों गांवों से आए महिला, पुरुष, बच्चे तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों की भारी भीड़ मंदिर परिसर में उमड़ी रही। वाराणसी से आए सात विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य गंगा आरती संपन्न कराई। दीपों की अलौकिक आभा, गूंजते मंत्र और भक्तों की श्रद्धा से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। गंगा आरती का यह दिव्य दृश्य देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।पूजनोत्सव के दौरान रामचरितमानस पाठ, संध्या भजन, हवन और मंदिर के गर्भगृह का भव्य श्रृंगार भी किया गया, जिसकी छटा देखते ही बन रही थी। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध चैता गायक मकसुदन ब्यास और बिहार के लोकप्रिय लोकगायक मिथलेश सिंह प्रेमी के बीच आयोजित चैता मुकाबले ने माहौल को रोमांचक बना दिया, जिसे सुनकर उपस्थित लोग देर रात तक झूमते रहे।कार्यक्रम के समापन अवसर पर देर रात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें हजारों श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। मुख्य आयोजक नीरज सिंह ने बताया कि ब्रह्म शिव गंगा धाम मंदिर की स्थापना करीब 140 वर्ष पूर्व हुई थी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों और गणमान्य नागरिकों के सहयोग से मंदिर का जीर्णोद्धार कराया गया है। उनका कहना था कि जो भी श्रद्धालु सच्चे मन से यहां आता है, वह कभी खाली हाथ नहीं लौटता।मुख्य अतिथि विधायक डॉ. वीरेन्द्र यादव ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में आध्यात्मिकता और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि पूजा-पाठ से मन को शांति मिलती है और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। विधायक ने मंदिर की भव्यता और विकास के लिए हरसंभव सहयोग देने का भी आश्वासन दिया।इस अवसर पर पूर्व प्रधान दीपक सिंह, सुखबीर सिंह झाबर, अक्षय राय दुर्गेश, नीरज सिंह, सतेन्द्र राय, कमलेश सिंह टुन्ना, अभिषेक सिंह, दीपांशु सिंह, रोहित खरवार, आलोक, गांधी, नवनीत, अंशु, दीपु सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Popular Articles