
सेवराई (गाजीपुर)। विधायक ओमप्रकाश सिंह ने लहना ग्राम सभा के दयालपुर गांव में लाखों रुपये की लागत से बनी सीसी सड़क का फीता काटकर उद्घाटन किया। यह सड़क दयालपुर गांव से काली मां मंदिर तक लगभग 300 मीटर लंबी और 5 मीटर चौड़ी है। प्रधान प्रतिनिधि तारकेश्वर सिंह यादव गुड्डू ने विधायक ओमप्रकाश सिंह का साफा बांधकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि तारकेश्वर यादव के प्रयासों से मनरेगा के तहत बनी यह सड़क ग्रामीणों के लिए उपयोगी साबित होगी। उन्होंने बताया कि इससे न केवल लोगों का आवागमन सुगम होगा, बल्कि बाढ़ के दौरान पानी के दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी।इस अवसर पर ग्रामीणों ने विधायक को एक मांग पत्र सौंपा। इसमें दयालपुर स्थित काली मां मंदिर के सुंदरीकरण, मुसहर बस्ती में 25 केवीए ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर 63 केवीए करने, बीच टोला में 25 केवीए ट्रांसफार्मर को बढ़ाकर 100 केवीए करने, घटवारी माई की मूर्ति स्थापना, रविदास मंदिर निर्माण और पानी निकासी के लिए नाला निर्माण की मांगें शामिल थीं। विधायक ने इन मांगों को जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया।इस मौके पर सुभाष यादव, अखिलेश सिंह विक्की, शमशाद, भुवनेश्वर, श्री किशुन, सुरेश राम, राजा राम, सतन राम, श्री भगवान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।




