
गाजीपुर। महाशिवरात्रि पर रविवार को शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के शिव मंदिरों में आस्था का जलसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही पूजा-पाठ का जो सिलसिला शुरु हुआ, वह देर रात तक चलता रहा। महाहर धाम में पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने त्रिनेत्रधारी का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान भक्तों के भोले भंडारी का जयघोष किए जाने से आसपास का माहौल शिवमय बना रहा। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सूर्योदय होते ही शिव भक्तों के पांव मंदिरों की ओर बढऩे लगे। सुबह 8 बजे तक शिवालयों में श्रद्ध्रालुओं की भारी भीड़ एकत्र हो गई। मंदिरों के आसपास लगे फूल-माला, भांग, धतूरा, दूध आदि पूजन सामग्री की खरीदारी करने के बाद भक्तों ने औघड़दानी को चढ़ाया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। शहर के मिश्रबाजार स्थित अतिप्राचीन शिव मंदिर, लालदरवाजा स्थित शिव मंदिर, रायगंज स्थित अमरनाथ, चीतनाथ, नवाबगंज स्थित शिव मंदिरों में बड़ी संख्या में भक्तों ने मत्था टेका। सबसे ज्यादा भीड़ पीरनगर स्थित बूढ़ा महादेव मंदिर पर रही। यहां भीड़ का आलम यह था मंदिर परिसर पूरी तरह से भक्तों के भरा था। भीड़ के घंटों कतार में खड़े रहने के बाद श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से मंदिर में प्रवेश किया और भोले का जलाभिषेक किया।

मरदह संवाददाता के अनुसार महाहर धाम पर रविवार की भोर से ही शिव के दीवानों के पहुंचने का क्रम शुरु हो गया। दस बजते-बजते मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं से खचाखर भर गया। जलाभिषेक के लिए काफी लंबी लाइन लगी थी। बाबा के दर्शन के लिए भक्तों को घंटों कतार में खड़े रहना पड़ा।

मंदिर के द्वार पर मौजूद पुलिस कर्मियों द्वरा लोगों को एक के बाद एक जलाभिषेक कराया जा रहा था। महाहर धाम का गौरवशाली इतिहास महाहर धाम केवल एक मंदिर नहीं,बल्कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था का प्राचीन केंद्र है।मान्यता है कि यह स्थान श्रवण कुमार की उस ऐतिहासिक घटना से संबंधित है,

जिसका वर्णन रामायण में मिलता है। धाम पर महंत रविरंजन दास,योगेंद्र दास, संतोष दास,संयोजक सचिन्द्र सिंह,अध्यक्ष डॉ रामप्रवेश सिंह,उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह,सचिव विरेन्द्र सिंह,कोषाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह,प्रदीप सिंह,सुनील सिंह, सुशील सिंह,वशिष्ठ शर्मा,बृजेश सिंह,अभिषेक सिंह,नरेंद्र सिंह,राज्यवर्धन सिंह,प्रवीण पटवा,रामप्यारे गोंड,विवेक सिंह,संजय सिंह,आदि मौजूद रहे।
इनसेट-
जंगीपुर विधानसभा के विधायक डॉ विरेन्द्र यादव ने अपने दर्जनों समर्थकों संग दुग्धाभिषेक व जलाभिषेक कर पूरे विधानसभा क्षेत्र के सुख शांति समृद्धि हेतु कामना करते हुए कहा कि महाशिवरात्रि पर्व सनातन धर्म के लिए आस्था का विषय है जहां लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां आते हैं

और बाबा भोलेनाथ का पूजन अर्चन दर्शन करके मन चाहीं मुरादें मांगते हैं जिसे भगवान शिव शंकर पूरा करते हैं।वहीं दूसरी ओर ब्लाक प्रमुख मरदह सीता सिंह,ब्लाक प्रमुख बिरनो राजन सिंह,नायब तहसीलदार सदर ने सह परिवार दर्शन पूजन किया।साथ ही साथ अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं ने मंदिर परिसर में 501 दीपों से प्रकाशोत्सव कर पर्व को धूमधाम से ऐतिहासिक बनाने का कार्य किया।




